बटाला, 31 जनवरी :( अविनाश शर्मा, संजीव नैयर)
आज श्री ध्यानपुर धाम के सेवादारों का प्रतिनिधिमंडल सेवादार बाबा नंदी जी के नेतृत्व में एस.एस.पी बटाला मैडम अश्विनी गोटियाल और एस.डी.एम बटाला डा. शायरी भंडारी को उनके कार्यालय में मिला। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा श्री बावा लाल जी के जन्म उत्सव पर 10 फरवरी को बटाला से निकाली जा रही पैदल यात्रा और 11 फरवरी को बटाला सहित श्री ध्यानपुर धाम में करवाए जा रहे कार्यक्रमों संबंधी सुरक्षा व्यवस्था और साफ सफाई के पुख्ता प्रबंध करने हेतु उक्त अधिकारियों को मांग पत्र दिए गए। इस अवसर पर बातचीत करते हुए सेवादार बाबा नंदी जी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्री बावा लाल जी का जन्म उत्सव श्री श्री 1008 श्री राम सुंदर दास महाराज जी के नेतृत्व बहुत ही धूमधाम और श्रद्धा भावना से मनाया जा रहा है जिसकी तैयारियां जोरों शोरों पर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि श्री बावा लाल जी के जन्म दिवस के एक दिन पहले 10 फरवरी को बटाला के मोनिया मोहल्ला के बाबा लाल जी मंदिर से विशाल पैदल यात्रा निकाली जा रही है और बटाला और आस पास के क्षेत्रों से होती हुई ध्यानुपर धाम में जाकर सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि बटाला और आस पास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं द्वारा इस पैदल यात्रा का भव्य स्वागत किया जाता है और लंगर भी लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को श्री बावा लाल जी का जन्म दिवस श्रद्धा भावना से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज उनके द्वारा इस पैदल यात्रा दौरान सुरक्षा व्यवस्था तथा साफ सफाई व अन्य जरुरी प्रबंध करने हेतु एस.एस.पी बटाला मैडम अश्विनी गोटियाल और एस.डी.एम बटाला डा. शायरी भंडारी को मांग पत्र दिया गया है। उन्होंने कहा कि उक्त अधिकारियों द्वारा उनको आश्वासन दिलाया गया कि प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे और संगतों को किसी भी तरह की कोई मुश्किल पेश नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि श्री बावा लाल जी के जन्म दिवस को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और देश विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री ध्यानपुर धाम में नतमस्तक हो रहे हैं। इस अवसर पर बाबा नंदी जी द्वारा एस.डी.एम बटाला डा. शायरी भंडारी और एस.एस.पी अश्विनी गोटियाल को श्री बावा लाल जी की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुरिन्द्र, नीता, रिंकू, मंगा, जैगी, जगदीश कुमार, जयपाल दुग्गल, लाडी, वेद प्रकाश आदि उपस्थित थे।
.jpeg)