जम्मू, : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों द्वारा प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराए जाने के बाद शुक्रवार को व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल पी.के. मिश्रा ने मुठभेड़ स्थल का दौरा किया और चल रहे अभियान की समीक्षा की।
इस दौरे के दौरान उनके साथ डेल्टा फोर्स के GOC भी मौजूद रहे। डेल्टा फोर्स सेना की एक विशेष आतंकवाद-विरोधी इकाई है, जिसका मुख्यालय बटोटे में स्थित है और यह मुख्य रूप से चिनाब घाटी (रामबन, डोडा, किश्तवार) सहित उधमपुर के कुछ हिस्सों में सक्रिय भूमिका निभाती है। दोनों शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने उधमपुर के ब्राट्टल क्षेत्र में जमीनी हालात का जायजा लिया।
व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि कोर कमांडर ने क्षेत्र में सुरक्षा माहौल, परिचालन की गतिशीलता और निरंतर अभियानों को गति देने के उपायों की गहन समीक्षा की, ताकि किसी भी उभरते खतरे का त्वरित, समन्वित और निर्णायक जवाब दिया जा सके।
GOC ने दो आतंकवादियों के सफल खात्मे के लिए सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई, उच्च मनोबल और कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात उधमपुर के मजलता क्षेत्र स्थित ब्राट्टल सोहन के जंगलों में चलाए गए संयुक्त अभियान में जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए थे, जबकि एक संदिग्ध ओवर-ग्राउंड वर्कर (OGW) को हिरासत में लिया गया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
.jpeg)