जम्मू : अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों राजौरी, पुंछ और कठुआ में करीब एक दर्जन स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह तलाशी अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा संयुक्त रूप से पहाड़ी जिलों के दूरस्थ और घने जंगलों वाले क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि यह अभियान राजौरी के कलाकोट के पीर खाना, पोथा नरोटा और अंध गांवों, सुंदरबनी क्षेत्र के ठंडा पानी और कंसार, कठुआ के पंजवाड़ी, कठेरा और आसपास के क्षेत्रों, और पुंछ के मेंढर सेक्टर के अपर कासबलारी, थेराटोपा, नागल गली, कलाबन और पटनातीर में जारी है।अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाकर्मी वन क्षेत्रों, प्राकृतिक छिपने के स्थानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं।उन्होंने बताया कि अब तक संदिग्ध व्यक्तियों से कहीं भी संपर्क नहीं हुआ है, लेकिन सुरक्षा बल कड़ी निगरानी रख रहे हैं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति का पता लगाने और आतंकवादियों या राष्ट्रविरोधी तत्वों की उपस्थिति की संभावना को खत्म करने के लिए समन्वित अभियान चला रहे हैं। (एजेंसी)
.jpeg)