कठुआ (जम्मू-कश्मीर):
जिले में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हटली मोड़ के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 गोवंश को मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी हटली की एक टीम हटली मोड़ क्षेत्र में नाका चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान पंजाब की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक (पंजीकरण संख्या JK02AL-7831) को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 14 मवेशी (5 गायें और 9 बैल) अत्यंत क्रूरतापूर्वक लदे पाए गए।
आरोपियों की पहचान:
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शाहिद चौधरी (पुत्र गफूर हुसैन, निवासी चट्ठा डोगियां, तहसील व जिला जम्मू) और उसके सहयोगी शकूर खान (पुत्र मोहम्मद लतीफ, निवासी गुर्जर कॉलोनी डाक बस्ती, मीरां साहिब, जम्मू) के रूप में हुई है।
कानूनी कार्रवाई:
कठुआ पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कठुआ में संबंधित धाराओं (एफआईआर संख्या 505/2026, धारा 223 बीएनएस और 11 पीसीए एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।
कठुआ पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक को गोवंश तस्करी या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले, तो वे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 या 09858034100 पर सूचित करें। पुलिस ने विश्वास दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
.jpeg)