पीएचसी को अपग्रेड करके मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे- डॉ रुबिंदर कौर

0
पठानकोट: (अविनाश, पंकज ) आज पठानकोट के सिविल अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ रुबिंदर कौर की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें असिस्टेंट सिविल सर्जन अदिती सलारिया, जिला फैमिली प्लानिंग अधिकारी डॉ राजकुमार, नोडल अधिकारी डॉ बिंदु गुप्ता, डॉ रवि कांत, डॉ मधुर मट्टू, डॉ अमन, नगर निगम पठानकोट के एसई सतीश सैनी, जेई मंदीप, एसडीओ गगनदीप, डीएओ तनवी शर्मा, डीएसए प्रिया महाजन, मास मीडिया अधिकारी विजय ठाकुर सहित वरिष्ठ डॉक्टर, एसएमओ तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित हुए। जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ रुबिंदर कौर ने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण इलाकों में दुनेरा, माधोपुर, तारागढ़, बमियाल, कथलौर, गुरदासपुर भाईयां, घियाला, बारठ साहब और भोआ तथा शहरी इलाकों में ढांगू तथा धीरा की पीएचसी को अपग्रेड कर के मोहल्ला क्लीनिक में तब्दील किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह क्लीनिक आज से पांच साल पहले दिल्ली में सन् 2015 में शुरू हुए थे। उनकी सफलता को देखते हुए पंजाब सरकार ने गरीबों की मदद और बड़े अस्पतालों की भीड़ कम करने के लिए मोहल्ला क्लीनिक की शुरुआत की है। इसका सबसे बड़ा उदे्दश्य यह है कि लोगों को उनके दरवाजे पर ही स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जा सके, ताकि उन्हें अस्पतालों की ओर न भागना पड़े। वहां भी भीड़ कम रहे और वहां आ रहे लोगों का इलाज ठीक प्रकार से हो सके। इस क्लीनिक में निर्धन वर्ग के लोगों को मुफ्त जांच, दवाओं और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मोहल्ला क्लीनिक में कई तरह की जांच मुफ्त की जाती हैं। इसके अलावा यह व्यवस्था भी की गई है कि यदि किसी मरीज को अल्ट्रासाउंड की आवश्यकता महसूस होती है तो डॉक्टर के लिखने पर किसी निजी लैब में वह जांच की जाएगी। ऐसे में यह मोहल्ला क्लीनिक निर्धन और अन्य वर्गों के लिए बेहद लाभकारी साबित होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लीनिकों के खुलने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लोग झोलाछाप डॉक्टरों की लूट खसूट से बचेंगे। पहले गरीब लोग घर के पास सस्ता इलाज मिलने की वजह से झोलाछाप डॉक्टरों के चक्कर में पड़ते थे। जुकाम, बुखार जैसी बीमारी के लिए कम से कम मरीजों की अस्पतालों के चक्कर काटने की जरूरत बिल्कुल खत्म हो जायेगी। इससे बड़े अस्पतालों में मरीजों की संख्या घटने से वहां उपकरणों और मौजूद सुविधाओं का बेहतर इस्तेमाल हो पाना संभव हो सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top