जम्मू/कठुआ:-जम्मू-कश्मीर पुलिस (कठुआ) ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा (IPS) की देखरेख में थाना बिलावर में दर्ज एफआईआर संख्या 89/2026 (धारा 8/21/22/29 एनडीपीएस एक्ट) की आगे की जांच करते हुए पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज स्थापित कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पूर्व में 435 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया जा चुका था।
मामले की जांच के दौरान एसपी ऑपरेशंस अपर कठुआ और एसडीपीओ बिलावर की देखरेख में एसएचओ बिलावर के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने बैकवर्ड लिंकेज से जुड़े आरोपियों को पकड़ने के लिए एक गुप्त अभियान चलाया। तकनीकी सहायता और खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने जिला कठुआ, इसके नजदीकी इलाकों और पंजाब राज्य के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने पहले आरोपी अबिनाष कुमार पुत्र देव राज (निवासी नंगल, तहसील नगरी, जिला कठुआ) को पकड़ा और उसके कब्जे से 53 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया। पूछताछ के दौरान उसने एक अन्य आरोपी जगमोहन सिंह पुत्र नरिंदर सिंह (निवासी तरनतारन रोड, गली नंबर 04, नजदीक त्रिलोक जंज घर, अमृतसर) का नाम उजागर किया। इसके बाद पुलिस ने उक्त आरोपी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 27 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया।
दोनों आरोपियों को बैकवर्ड लिंकेज के तहत गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों से बरामद नशीले पदार्थ के बाद इस केस (FIR No. 89/2026) में बरामद हेरोइन जैसे पदार्थ की कुल मात्रा अब बढ़कर 515 ग्राम हो गई है।
जिला पुलिस कठुआ ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति दोहराते हुए युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने की अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
.jpeg)