जम्मू/कठुआ :-'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत कठुआ पुलिस ने एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा (IPS) की देखरेख में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जैसी नशीली सामग्री जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां थाना लखनपुर और थाना कठुआ के अधिकार क्षेत्र में की गईं।
पहला मामला (लखनपुर):
09 सितंबर 2026 को एडिशनल एसपी कठुआ और डीएसपी डीएआर कठुआ के मार्गदर्शन में एसएचओ लखनपुर के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NHW) लखनपुर के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान हरदीप सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी तरडा जगतपुर, जिला कठुआ के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 10 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना लखनपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत एफआईआर संख्या 123/2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरा मामला (घट्टी):
उसी दिन (09 सितंबर 2026) एडिशनल एसपी कठुआ और डीएसपी मुख्यालय कठुआ के मार्गदर्शन में एसएचओ कठुआ के नेतृत्व व आईसी पुलिस पोस्ट घट्टी की सहायता वाली टीम ने घट्टी क्षेत्र में गश्त के दौरान बिशव प्रताप सिंह पुत्र दिलबाग सिंह निवासी बरनोटी, तहसील व जिला कठुआ को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। जांच के दौरान उसके कब्जे से करीब 04 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में थाना कठुआ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत एफआईआर संख्या 448/2026 दर्ज कर जांच जारी है।
दोनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने कुल 14 ग्राम हेरोइन जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया है। जिला पुलिस कठुआ ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 112 या 9858034100 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
.jpeg)