- जिला कैपेक्स बजट (DCB) 2026-27 के तहत जारी विकास कार्यों की भौतिक व वित्तीय प्रगति की हुई समीक्षा।
- डीसी राजेश शर्मा ने गुणवत्ता, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने पर दिया जोर।
- विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को आपसी समन्वय से दूर करने के दिए निर्देश।
कठुआ/जम्मू:-जिला कैपेक्स बजट (DCB) 2026-27 के अंतर्गत कठुआ जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए उपायुक्त (डीसी) कठुआ राजेश शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों और कार्यकारी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की वर्तमान भौतिक व वित्तीय स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान चालू परियोजनाओं, वित्तीय व्यय, कार्य पूर्ण करने की समयसीमा तथा निर्माण प्रक्रिया में आ रही रुकावटों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित अधिकारियों ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत स्वीकृत नए कार्यों और पहले से चल रही योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट उपायुक्त के समक्ष रखी।
गुणवत्ता और वित्तीय अनुशासन पर जोर
उपायुक्त राजेश शर्मा ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में तेजी लाने और उन्हें तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप ही होने चाहिए। इसके साथ ही कार्यों के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन का कड़ाई से पालन किया जाए।
नियमित निगरानी के निर्देश
डीसी ने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्वीकृत परियोजना में अनावश्यक प्रक्रियात्मक या विभागीय कारणों से देरी नहीं होनी चाहिए। आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए भौतिक और वित्तीय प्रगति को नियमित अंतराल पर अपडेट करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में आ रही किसी भी अड़चन की समय रहते पहचान करें और आपसी समन्वय से उसका समाधान निकालें, ताकि परियोजनाओं का लाभ निर्धारित समय पर आम जनता तक पहुंच सके।
बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (ADDC) कठुआ सुरेंद्र मोहन, मुख्य योजना अधिकारी (CPO) रंजीत ठाकुर, सहायक आयुक्त विकास (ACD) गुलशन कुमार, विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंता तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)