39 विद्यालयों की टीमों के बीच शानदार प्रदर्शन कर खो-खो टीम ने जीती ट्रॉफी, एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर व मुख्य अतिथि सुमन लता ने किया सम्मानित।
रोजाना अपडेट। डिजिटल डस्क
नूरपुर (हिमाचल): हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित प्रताप वर्ल्ड स्कूल (इंदौरा चनौर) की छात्राओं ने इंदौरा जोनल टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के कुल 39 विद्यालयों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया था।
प्रताप वर्ल्ड स्कूल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, विद्यालय की खो-खो टीम ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए टूर्नामेंट में द्वितीय स्थान हासिल किया और उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इस उपलब्धि के साथ ही टीम की चार प्रतिभावान छात्राओं का चयन आगामी जिला स्तरीय टूर्नामेंट के लिए किया गया है। चार खिलाड़ियों के जिला स्तर पर चयन होने से विद्यालय में हर्ष का माहौल है।
अतिथियों ने विजेताओं को किया सम्मानित:
समारोह में घोरन स्कूल की प्रधानाचार्या एवं मुख्य अतिथि श्रीमती सुमन लता तथा एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है।
प्रबंधन ने दी बधाई:
छात्राओं की इस सफलता पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेणु परमार और एमडी डॉ. ऋचा महाजन ने पूरी खो-खो टीम, जिला स्तर के लिए चयनित चारों छात्राओं और उनके कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलों के लिए भी निरंतर प्रोत्साहन दिया जाता है। यह सफलता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के कठिन अभ्यास और लगन का फल है। विद्यालय प्रबंधन ने चयनित छात्राओं को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
.jpeg)