बसोहली(कठुआ ) : आगामी ‘बसोहली उत्सव’ के सफल आयोजन और तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त (डीसी) कठुआ राजेश शर्मा ने बसोहली क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़े स्थलों पर चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रबंध अग्रिम रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने जवाहर नवोदय विद्यालय, डिग्री कॉलेज के पास स्थित छात्रावास, वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर के पास की इमारत, जंजघर मैदान, रानी तालाब, ओबीसी हॉस्टल, वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर और रामलीला मैदान सहित कई चिह्नित स्थलों का मुआयना किया।
विभिन्न विभागों को दिए गए प्रमुख निर्देश:
- लोक निर्माण विभाग (PWD): जवाहर नवोदय विद्यालय में बहुउद्देशीय हॉल के बाहर टाइल लगाने का काम 7 दिनों के भीतर पूरा करने और साथ लगती सड़क पर तारकोल बिछाने के निर्देश।
- जल शक्ति विभाग: डिग्री कॉलेज के पास छात्रावास और वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर के पास की इमारत में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
- बिजली विभाग (PDD): प्राथमिकता के आधार पर बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जंजघर से सटे मैदान के ऊपर से गुजरने वाली बिजली की तारों को हटाने के निर्देश दिए।
- रानी तालाब: स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल करने और फव्वारों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध बिजली, सड़क संपर्क और अन्य सुविधाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए आपसी समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान आगंतुकों की सुरक्षा, सुविधा और आयोजन स्थलों की उचित प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस दौरे के दौरान उनके साथ एडीसी बसोहली पंकज बगोत्रा, सीईओ बीबीईडीए बी.आर. टंडन, डीएफओ सुरेश शर्मा, तहसीलदार बसोहली सागर विश्वकर्मा और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
.jpeg)