जम्मू/बिलावर, 13 अगस्त 2026।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को बिलावर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह विशाल यात्रा गवर्नमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बिलावर से शुरू होकर काली माता मंदिर चौगान में संपन्न हुई। तिरंगे की शान में आयोजित इस यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में एडीसी बिलावर विश्वजीत सिंह (जेकेएएस), एसपी ऑपरेशंस प्रीतपाल सिंह, तहसीलदार बिलावर सुरिंदर सिंह, डीएसपी नीरज पडियार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर एडीसी बिलावर विश्वजीत सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस को पूरे गर्व और देशभक्ति की भावना के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद कर उन्हें सम्मान देने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रध्वज के साथ मार्च कर राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा ने यह साबित किया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं बल्कि देशवासियों की शान, सम्मान और एकता का प्रतीक है।
.jpeg)