कठुआ: दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पटाखों के अवैध भंडारण व बिक्री पर रोक लगाने के लिए कठुआ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कठुआ राजेश शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने प्रशासनिक टीम के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित पटाखा गोदामों और बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा नियमों और लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तुरंत सख्त कार्रवाई की। टीम ने 'पधा एंटरप्राइजेज' को उसका लाइसेंस समाप्त (एक्सपायर) पाए जाने पर मौके पर ही सील कर दिया। वहीं, 'पी के एंटरप्राइजेज' में पाई गई विभिन्न कमियों को देखते हुए उसे संचालन बंद रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने संबंधित प्रतिष्ठानों को स्पष्ट किया कि निर्धारित सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करने के बाद ही वे अपना कामकाज दोबारा शुरू कर सकेंगे।
यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी निषेधाज्ञा के तहत की गई है। इस आदेश के अनुसार केवल वैध लाइसेंस धारक ही प्रशासन द्वारा तय किए गए स्थानों से पटाखों का व्यापार कर सकते हैं। इसके अलावा, केवल 'ग्रीन पटाखों' की बिक्री की अनुमति है, जबकि अत्यधिक शोर वाले और प्रतिबंधित पटाखों के भंडारण व बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है।
जिला मजिस्ट्रेट ने कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों और लाइसेंस शर्तों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, अनुमति रद्द करने और स्टॉक जब्त करने जैसे कड़े कदम उठाए जाएंगे।
इस संयुक्त निरीक्षण अभियान के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सचिन जमवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनील केसर, तहसीलदार विक्रम कुमार, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रविंदर सिंह सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)