हीरानगर, 13 नवंबर: पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकारी जीएलडीएम डिग्री कॉलेज, हीरानगर में शुक्रवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 को लेकर एक जागरूकता व्याख्यान एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कॉलेज के पर्यावरण विज्ञान विभाग और इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और स्टाफ को कचरे के वैज्ञानिक निपटान तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह कार्यक्रम कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. प्रज्ञा खन्ना के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका केवल किताबी शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता को केवल औपचारिक भाषणों तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. नीरू शर्मा और डॉ. सोमलया ने रिसोर्स पर्सन के रूप में अपने विचार साझा किए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रमुख प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए कचरे को उत्पन्न होने वाले स्थान (स्रोत) पर ही चार श्रेणियों—गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी वेस्ट और विशेष देखभाल वाले कचरे में अलग-अलग करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने कचरे के उचित संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निपटान की प्रक्रियाओं पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कचरे को खुले में न फेंकने या जलाने से बचने तथा 'रिड्यूस, रियूज और रिसाइकिल' (3R) के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज परिसर में 'बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट' गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने बेकार पड़ी वस्तुओं का उपयोग कर विभिन्न उपयोगी और कलात्मक सामग्री तैयार की। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य संसाधनों के संरक्षण और कचरे के पुनः उपयोग के प्रति व्यावहारिक समझ विकसित करना रहा। कॉलेज प्रशासन की ओर से बताया गया कि संस्थान में समय-समय पर वेस्ट मटीरियल से प्लांटर बनाने, स्वच्छता अभियान और अन्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाते हुए अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी कचरे का उचित पृथक्करण सुनिश्चित करने की अपील की गई।
.jpeg)