अबोहर/पंजाब(शर्मा/सोनू): शहर के आर्य नगरी क्षेत्र में सीवरेज प्रणाली ठप होने से गलियों में भारी मात्रा में गंदा पानी जमा हो गया है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है। हालात इस कदर बदतर हो चुके हैं कि लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है और स्कूली बच्चों को इसी दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
दुर्गंध और बीमारियों का खतरा, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सीवरेज ओवरफ्लो के चलते गलियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार जमा गंदे पानी से उठने वाली तीव्र दुर्गंध ने आसपास के वातावरण को दूषित कर दिया है। इस स्थिति के चलते क्षेत्र के बुजुर्गों और छोटे बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका गहरा गई है।
स्थायी समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
मोहल्लावासियों का आरोप है कि बार-बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभागीय अमले को तुरंत मौके पर भेजकर सीवरेज लाइनों को दुरुस्त करवाया जाए और जल निकासी सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय लोगों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस गंभीर समस्या का स्थायी हल नहीं किया, तो वे मजबूर होकर नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
.jpeg)