पंजाब अबोहर (शर्मा/सोनू): गांव ढाणी डंडावाली में अपनी ही बुआ की हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी भतीजे को पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी फाजिल्का गगन अजीत सिंह तथा डीएसपी हरीश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने ढाणी डंडावाली निवासी सुखविंद्र सिंह उर्फ निक्का पुत्र भगवान सिंह को अपनी बुआ की हत्या के आरोप में काबू किया था। पूछताछ के लिए आरोपी का पुलिस रिमांड लिया गया था, जिसकी अवधि पूरी होने के बाद उसे माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को जेल भेजने के निर्देश जारी किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस संबंध में मनजीत कौर पत्नी अवतार सिंह के बयानों के आधार पर सुखविंद्र सिंह उर्फ निक्का के खिलाफ 5 सितंबर 2026 को मुकदमा नंबर 282, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया था। दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी ने अपनी बुआ के सिर पर गंभीर वार किया था, जिसके चलते उनकी मौत हो गई थी।
.jpeg)