नई दिल्ली:भारतीय सेना में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। मेजर नव्या शेखावत को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का एड्स-डी-कैंप (एडीसी) नियुक्त किया गया है। मेजर शेखावत अब राष्ट्रपति की आधिकारिक एडीसी टीम का हिस्सा बन गई हैं। इसी के साथ वह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद और तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर की एडीसी बनने वाली भारतीय सेना की पहली महिला सैन्य अधिकारी बन गई हैं।
सीडीएस परीक्षा के जरिए भारतीय सेना में प्रवेश
मेजर नव्या शेखावत की भारतीय सेना में यात्रा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा के माध्यम से शुरू हुई थी। परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के बाद उन्हें शॉर्ट सर्विस कमीशन (महिला) नॉन-टेक्निकल कोर्स के लिए चुना गया। उनका नाम आधिकारिक सीडीएस (I) 2020 ओटीए विमेंस मेरिट लिस्ट में भी शामिल था। इसके बाद उन्होंने ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), चेन्नई से अपना कड़ा सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया।
आर्मी सर्विस कोर में मिला था कमीशन
चेन्नई में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्हें वर्ष 2021 में भारतीय सेना की 'आर्मी सर्विस कोर' (ASC) में कमीशन प्रदान किया गया। यह कोर सेना के लिए आवश्यक लॉजिस्टिक सहायता प्रदान करने वाली एक बेहद अहम शाखा है। अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के दम पर वह लगभग पांच वर्षों के कार्यकाल में मेजर के पद तक पहुंचीं और अब उन्हें देश के राष्ट्रपति भवन में इस प्रतिष्ठित जिम्मेदारी के लिए चुना गया है।
.jpeg)