जम्मू ।कठुआ:- कठुआ जिले में पशु तस्करी के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान 20 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को जब्त कर लिया गया। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कठुआ सुश्री मोहिता शर्मा (आईपीएस) के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कठुआ और डीवाईएसपी डीएआर कठुआ की देखरेख में लखनपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व वाली टीम द्वारा अमल में लाई गई।
पहला मामला: ट्रक से 16 मवेशी बरामद, दो गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को लखनपुर पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे ट्रक टर्मिनल लखनपुर के पास नाका चेकिंग के दौरान पंजाब से जम्मू-कश्मीर की ओर आ रहे एक संदिग्ध ट्रक (नंबर JK22-3639) को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बेहद क्रूरतापूर्वक बांधे गए 16 मवेशी (6 गाय और 10 बैल) पाए गए। पुलिस ने तुरंत सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए ट्रक को जब्त कर लिया और मौके पर मौजूद चालक भूपिंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह (निवासी तालाब तिल्लो, जम्मू) और उसके साथी शिव दत्त पुत्र चमन लाल (निवासी पलोड़ा, जम्मू) को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना लखनपुर में बीएनएस की धारा 223 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत प्राथमिकी संख्या 126/2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरा मामला: कीरियां गंडियाल में पिकअप से 4 भैंसें मुक्त
दूसरी कार्रवाई में, उसी दिन पुलिस टीम ने कीरियां गंडियाल (लखनपुर) क्षेत्र में नाके के दौरान कठुआ से पंजाब की ओर जा रही एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप (नंबर JK02AM-1885) को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन में क्रूरता से लदी 4 भैंसें बरामद हुईं। पुलिस ने मवेशियों को मुक्त कर पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। इस संदर्भ में लखनपुर थाने में बीएनएस की धारा 223 और पीसीए एक्ट की धारा 11 के तहत एफआईआर संख्या 125/2026 दर्ज कर तफ्तीश जारी है।
कठुआ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास भी मवेशी तस्करी या किसी अवैध गतिविधि की जानकारी हो, तो तुरंत डायल 112 या हेल्पलाइन नंबर 09858034100 पर सूचना साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
.jpeg)