कठुआ/बनी: सेवा पर्व 2026 के अंतर्गत बुधवार को बनी के सियारा क्षेत्र में जन दरबार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों और पूर्व पंचायती राज प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में एसडीएम बनी संदीप कुमार शर्मा (जेकेएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान तहसीलदार बनी प्रद्युम्न अत्री, एसएचओ बनी पवन सिंह और बीडीओ बनी हितेश कुमार लूना सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
जन संवाद के दौरान ग्रामीणों और पूर्व पीआरआई सदस्यों ने सड़क संपर्क, बिजली आपूर्ति, पेयजल और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी कठिनाइयों को उठाया। विशेष रूप से चल्ला क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व बिजली व्यवस्था तथा पूर्व सरपंच सियारा किरण कुमारी द्वारा पंचायत से संबंधित कई मुद्दे रखे गए।
मामलों को सुनने के बाद एसडीएम संदीप कुमार शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे जन संपर्क कार्यक्रम जमीनी स्तर पर पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन को मजबूती प्रदान करते हैं। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
जन दरबार के बाद एसडीएम ने राजकीय हाई स्कूल सियारा का दौरा कर शिक्षकों और 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों से बातचीत की तथा उन्हें करियर व अनुशासन के संदर्भ में मार्गदर्शन दिया। इसके उपरांत उन्होंने सियारा स्थित मेडिकल सब-सेंटर का निरीक्षण किया, जहाँ सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। स्थानीय लोगों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के भवन की खराब स्थिति को लेकर नए भवन के निर्माण की मांग पर एसडीएम ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के एईई को इमारत का मुआयना कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
.jpeg)