धीमी रफ्तार से चल रहे विकास कार्यों पर जताई नाराजगी, खर्च न हो पाए फंड के उपयोग और रोजाना प्रगति रिपोर्ट लेने के दिए निर्देश।
कठुआ : जिले में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने और सरकारी योजनाओं के तहत उपलब्ध बजट का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में कैपेक्स बजट के तहत चल रहे विकास कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त कठुआ, एडीसी बिलावर, एडीसी बसोहली, मुख्य योजना अधिकारी, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, एक्सईएन पीडीडी, सहायक आयुक्त विकास कठुआ, मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ, विभिन्न ब्लॉकों के बीडीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।बैठक के दौरान जिला कैपेक्स बजट, यूटी कैपेक्स और एसटी प्लान सहित विभिन्न घटकों के तहत स्वीकृत एवं जारी विकास परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से कार्यों की मौजूदा स्थिति, खर्च किए गए बजट और लंबित परियोजनाओं को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।कई विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर गंभीर संज्ञान लेते हुए डीसी राजेश शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही उपलब्ध करवाए गए सरकारी फंड का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में चल रहे सभी विकास कार्य दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरे किए जाएं। इसके अलावा गैर-निर्माण संबंधी सभी लंबित कार्यों को भी जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए।विकास कार्यों की नियमित निगरानी और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए डीसी ने एडीसी बसोहली को निर्देश दिया कि वे संबंधित ब्लॉक विकास अधिकारियों (BDOs) से कैपेक्स बजट के तहत चल रहे कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ परिणाम आधारित कार्यप्रणाली अपनाने और निर्धारित भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आम जनता को इनका लाभ मिल सके।
.jpeg)