पंजीकरण से लेकर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने तक की प्रगति का लिया जायजा, विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर दिया जोर।
कठुआ : जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने डीसी कार्यालय परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं हितधारकों के साथ समीक्षा बैठक की।बैठक के दौरान उपायुक्त ने योजना के तहत जिले में अब तक हुई प्रगति का जायजा लिया। विशेष रूप से लाभार्थियों के पंजीकरण, लंबित आवेदनों और घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।डीसी राजेश शर्मा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना के तहत लंबित पड़े सोलर इंस्टॉलेशन मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है, ताकि प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को समय रहते दूर किया जा सके।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोलर सिस्टम लगाने के कार्य में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जाए। इसके साथ ही स्थापित किए गए सोलर सिस्टम का समय पर निरीक्षण करने और योजना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को सरल एवं व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया।उपायुक्त ने फील्ड स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी नियमित रूप से योजना की प्रगति की समीक्षा करें और पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर योजना का लाभ उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।बैठक में मुख्य योजना अधिकारी कठुआ रंजीत ठाकुर, एक्सईएन जेपीडीसीएल कठुआ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और योजना के क्रियान्वयन से जुड़े अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
.jpeg)