दो लोग गिरफ्तार,तीन ट्रकों और एक महिंद्रा लोड कैरियर सहित चार वाहन जब्त।एसएसपी मोहिता शर्मा की निगरानी में चला अभियान
कठुआ,19 नवंबर: जिले में गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कठुआ पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राजबाग, चड़वाल, हटली मोड़ और लखनपुर क्षेत्रों में कार्रवाई कर कुल 63 गोवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त करवाया। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार करने के साथ तीन ट्रकों और एक महिंद्रा लोड कैरियर सहित चार वाहनों को जब्त किया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई 17 नवंबर को पुलिस पोस्ट चड़वाल की टीम ने की। नाकेबंदी के दौरान पंजाब से जम्मू-कश्मीर की ओर आ रहे ट्रक नंबर HP72A-3995 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में बेरहमी से लदे 25 गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने मौके से दो लोगों अरशद पुत्र लियाकत अली, निवासी गंगोह, तहसील नकुड़, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) और मोहम्मद शब्बीर पुत्र मोहम्मद लतीफ, निवासी मीरां साहिब, जम्मू को गिरफ्तार किया। इस संबंध में पुलिस थाना राजबाग में एफआईआर नंबर 254/2026 दर्ज की गई है।दूसरी कार्रवाई में पुलिस थाना राजबाग की टीम ने ट्रक नंबर UP13AT-2984 को जब्त कर उसमें लदे 10 गोवंश को मुक्त करवाया। इस मामले में एफआईआर नंबर 253/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।इसी तरह 17 नवंबर को पुलिस पोस्ट हटली की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हटली मोड़ के पास महिंद्रा लोड कैरियर नंबर JK06-8721 को जांच के लिए रोका। वाहन में तीन गोवंश बेरहमी से लदे हुए पाए गए। पुलिस ने गोवंश को मुक्त करवाकर वाहन जब्त कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना कठुआ में एफआईआर नंबर 570/2026 दर्ज की गई है।वहीं,19 नवंबर को पुलिस थाना लखनपुर की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ट्रक टर्मिनल के पास नाकेबंदी के दौरान ट्रक नंबर HR55P-7384 को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक से 25 गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने सभी गोवंश को मुक्त करवाते हुए ट्रक जब्त कर लिया। इस मामले में पुलिस थाना लखनपुर में एफआईआर नंबर 158/2026 दर्ज की गई है।पुलिस के अनुसार, चारों मामलों में कुल 63 गोवंश को मुक्त करवाया गया है, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार कर चार वाहन जब्त किए गए हैं। पूरी कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा (आईपीएस) की समग्र निगरानी में की गई।कठुआ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गोवंश तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या पीसीआर कठुआ के नंबर 9858034100 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
.jpeg)