नशा मुक्त अभियान के तहत होगा साइक्लोथॉन, 21 नवंबर को आयोजित होगी बिब एक्सपो; डीसी ने युवाओं और आम जनता से भाग लेने की अपील की
कठुआ,19 नवंबर: नशा मुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहे कठुआ साइक्लोथॉन-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जिला उपायुक्त राजेश शर्मा ने डीसी कार्यालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साइक्लोथॉन की आधिकारिक टी-शर्ट और मेडल का अनावरण किया।यह साइक्लोथॉन 22 नवंबर 2026 को नशा मुक्त अभियान के तहत आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं को शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज का संदेश देना है।प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डीसी राजेश शर्मा ने आयोजन की तैयारियों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्य आयोजन से एक दिन पहले यानी 21 नवंबर को बिब एक्सपो भी आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।डीसी ने कठुआ के युवाओं, साइकिलिंग के शौकीनों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी के माध्यम से स्वस्थ, फिट और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।इस अवसर पर एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, एडीसी कठुआ सचिन जम्वाल, सीपीओ रंजीत ठाकुर, डीआईओ गुरप्रीत सिंह सहित आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
.jpeg)