कठुआ : जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा समाज कल्याण मंत्री सकीना इटू ने रविवार को कठुआ स्थित मॉडर्न ड्रग टेस्टिंग लैब और गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध बुनियादी ढांचे का बेहतर इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।ड्रग टेस्टिंग लैब के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि आम जनता को उपलब्ध करवाई जाने वाली दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि दवाओं के नमूनों की जांच निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सटीक और समयबद्ध तरीके से की जानी चाहिए, ताकि घटिया और नकली दवाओं की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।सकीना इटू ने लैब में लंबित पड़े सभी दवा नमूनों की जांच को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने और उनकी विश्लेषणात्मक रिपोर्ट समय पर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रग टेस्टिंग लैब का सुचारू संचालन जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।लैब की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने के लिए कुछ अहम फैसले भी लिए गए। इसके तहत JKMSCL की ओर से लैब कर्मचारियों को पांच महीने का वेतन अग्रिम रूप से उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया। वहीं, लैब की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) तैनात करने के भी निर्देश दिए गए।इसके बाद मंत्री ने जीएमसी कठुआ में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध सुविधाओं, मानव संसाधन और जारी विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जीएमसी कठुआ में बेहतर बुनियादी ढांचा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं, इसलिए इनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाई जाएं और केवल गंभीर तथा विशेष उपचार की आवश्यकता वाले मामलों को ही अन्य संस्थानों में रेफर किया जाए। उन्होंने जीएमसी प्रिंसिपल को शेष बुनियादी ढांचा सुधार कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
होम्योपैथिक कॉलेज के लिए आवश्यक कर्मचारियों के पद सृजित करने के मुद्दे पर मंत्री ने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव अंतिम चरण में है।इससे पहले जीएमसी कठुआ के प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर अत्री ने संस्थान की कार्यप्रणाली, उपलब्ध बुनियादी ढांचे और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीएमसी के एसोसिएटेड अस्पताल में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है, जिसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने बताया कि जीएमसी कठुआ ने होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, चंडीगढ़ तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन (IIIM), जम्मू के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किए हैं। इसके अलावा पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (POWERGRID) की सीएसआर पहल के तहत संस्थान को 128-स्लाइस सीटी स्कैनर भी उपलब्ध करवाया गया है।प्रिंसिपल ने संस्थान में उपलब्ध विशेष चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्तन कैंसर की पहचान और उपचार को मजबूत बनाने के लिए आईसीएमआर (ICMR) समर्थित परियोजना भी संचालित की जा रही है।इस मौके पर जेकेएमएससीएल के प्रबंध निदेशक, जम्मू-कश्मीर खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तारिक हुसैन गनई, डीसी कठुआ राजेश शर्मा, स्वास्थ्य सेवा निदेशक जम्मू पूनम सेठी, डायरेक्टर एफडब्ल्यू, एमसीएच एंड आई अफसाना बानो, स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर राजेश कुमार, जीएमसी कठुआ के प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर अत्री, कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस मोहम्मद सैयद खान और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
.jpeg)