सुशासन, जवाबदेही और जनहित में बेहतर सेवाएं देने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को किया जागरूक।
कठुआ : सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहित केंद्रित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को डीसी कार्यालय परिसर कठुआ के कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम’ (KKK) के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जम्मू-कश्मीर के योजना, विकास एवं निगरानी विभाग के निर्देशों और उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम के उद्देश्यों और प्रमुख पहलुओं से अवगत करवाने के साथ-साथ उनकी व्यावसायिक क्षमता, कार्यकुशलता और जवाबदेही को मजबूत करना रहा। इसके माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था में नागरिक केंद्रित दृष्टिकोण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन अधिकारी कठुआ सिद्धार्थ आनंद ने मास्टर ट्रेनर के रूप में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। इसमें स्वास्थ्य, उद्योग, ग्रामीण विकास, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, भेड़पालन, रोजगार और परिवहन सहित विभिन्न विभागों में तैनात अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी संवर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।प्रशिक्षण के दौरान निरंतर सीखने की प्रक्रिया, क्षमता निर्माण, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और सरकारी जिम्मेदारियों के निर्वहन में पेशेवर उत्कृष्टता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को समझाया गया कि सरकारी सेवाओं में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए सक्रियता, जवाबदेही और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली अपनाना जरूरी है।इस दौरान सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और आम नागरिकों को समयबद्ध एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कर्मचारियों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।यह कार्यक्रम प्रशासनिक संस्थानों की क्षमता मजबूत करने और सरकारी कर्मचारियों को आवश्यक कौशल, दक्षताओं एवं मूल्यों से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों का हिस्सा रहा, ताकि आम जनता को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और नागरिक अनुकूल प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।
.jpeg)