पंजाब।बटाला, 17 अगस्त (अविनाश शर्मा): बटाला पुलिस ने बाजवा लैब फायरिंग मामले की जांच के दौरान विदेश में बैठे अमन आंडा के कथित फिरौती नेटवर्क का खुलासा करते हुए हथियार उपलब्ध करवाने वाले गुरपिंदर सिंह उर्फ गुरबिंदर सिंह उर्फ बींडा निवासी रायपुर खुर्द को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीएसपी सिटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 6-7 मार्च की मध्यरात्रि बाजवा लैब, लायलपुरीया वाली गली के बाहर फायरिंग हुई थी। इस मामले में पहले ही अरमानदीप सिंह उर्फ अमनदीप सिंह, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी और करनबीर सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि वारदात के लिए हथियार रविपाल सिंह और गुरबिंदर सिंह ने उपलब्ध करवाए थे। रविपाल के कब्जे से पहले ही 30 बोर की पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 15 अगस्त को गिरफ्तार किए गए गुरबिंदर से दो 30 बोर पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस तथा एक 32 बोर पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार अमन आंडा विदेश में बैठकर कारोबारियों से कथित तौर पर फिरौती मांगता था और मांग पूरी न होने पर अपने गुर्गों के माध्यम से गोलीबारी करवाकर उन्हें डराता-धमकाता था। गुरबिंदर और रविपाल पर गोलीबारी करने वालों को हथियार उपलब्ध करवाने का आरोप है।
गुरबिंदर को पुलिस रिमांड पर लेकर हथियारों के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। डीएसपी ने युवाओं से अपील की कि वे विदेश में बैठे अपराधियों के बहकावे में आकर अपना भविष्य बर्बाद न करें।
.jpeg)