जम्मू ।कठुआ (विशेष संवाददाता):कठुआ जिले में आधार नामांकन और इससे संबंधित अन्य गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा के लिए डीसी कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) कठुआ महिमा मदन ने की।
बैठक में पीओ आईसीडीएस, एडीसी बशोली, एडीसी बिलावर, एसडीएम हीरानगर, एसडीएम बनी, मुख्य योजना अधिकारी (सीपीओ), मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) कठुआ, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (डीआईओ), यूआईडीएआई के सहायक प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एडीसी ने जिले में सभी आयु वर्गों के लिए शत-प्रतिशत आधार कवरेज (सेचुरेशन) सुनिश्चित करने और बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) को लेकर अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की। एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को आधार जनरेशन से जुड़ी सभी पेंडेंसी को जल्द से जल्द दूर करने और आम जनता की सुविधा के लिए सभी आधार केंद्रों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को आधार नामांकन और अपडेशन से संबंधित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया।
छूटी हुई आबादी को कवर करने के उपायों पर भी चर्चा हुई, जिसमें जन्म और मृत्यु का त्वरित पंजीकरण, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सीएलईसी (CLEC) ऑपरेटरों की तैनाती तथा स्कूलों में विशेष आधार शिविर आयोजित करना शामिल है। एडीसी ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों से अपील की कि वे स्थानीय निवासियों को 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आधार बनवाने और 5 वर्ष व 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर उनका अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) कराने के लिए प्रेरित करें।
.jpeg)