अबोहर/पंजाब (शर्मा/सोनू): तहसील परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष चैकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने तहसील परिसर में आने-जाने वाले वाहनों की जांच की और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे। चैकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। पुलिस कर्मचारियों ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों की अनदेखी करने से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। वाहन चालकों को अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में कुछ समय के लिए वाहन चालकों में हलचल देखने को मिली। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
फोटो:6, तहसील परिसर में चालान काटती पुलिस।
.jpeg)