अबोहर / फाजिल्का (शर्मा /सोनू): अबोहर के संतनगरी इलाके में भगवान वाल्मीकि मंदिर के बाहर एक युवक पर गोली चलाने के मामले में फाजिल्का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को घायल अवस्था में काबू कर लिया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह और डीएसपी हरीश कुमार ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि संतनगरी में भगवान वाल्मीकि मंदिर के बाहर अजय कुमार पुत्र राज कुमार पर फायरिंग की गई थी। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में वाल्मीकि भाईचारे की एक बैठक चल रही थी और जब अजय कुमार बैठक समाप्त होने के बाद बाहर आए, तब उन पर यह हमला किया गया। हमले में घायल अजय कुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
कीलियांवाली बाईपास पर मुठभेड़:
घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई। सीआईए स्टाफ फाजिल्का के इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में कीलियांवाली बाईपास पर नाकाबंदी की गई थी। चेकिंग के दौरान जब तीन संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
आरोपियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई:
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल होकर पकड़ा गया आरोपी गौतम धातरवाल पुत्र शंकर कुमार, निवासी गणेशगढ़ (थाना लालगढ़, जिला श्रीगंगानगर, राजस्थान) है। वहीं, उसके दो साथी सागर नेपाली पुत्र भा बहादुर (निवासी पटेल नगर, अबोहर) और विशाल पचार उर्फ बॉक्सर (निवासी अबोहर) मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी और फरार साथियों समेत कुल 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा नंबर 307 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं (धारा 109, 61(2)) तथा आर्म्स एक्ट (25, 27, 54, 59ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना के महज 8 घंटों के भीतर मुठभेड़ के बाद एक मुख्य आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.jpeg)