अबोहर /पंजाब(शर्मा/
सोनू):- क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा के उद्देश्य से डीएसपी बल्लुआना अमनदीप सिंह ने विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसरों, सुरक्षा व्यवस्था तथा तैनात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
कर्तव्य में लापरवाही न बरतने की हिदायत
निरीक्षण के दौरान डीएसपी अमनदीप सिंह ने अधिकारियों व कर्मचारियों से उनकी ड्यूटी से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी कर्मी अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और मुस्तैदी से निभाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और गश्त बढ़ाने पर जोर
डीएसपी ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले आम नागरिकों की शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता व गंभीरता के साथ सुना जाए और उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने असामाजिक व संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा संबंधित क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के आदेश दिए। डीएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेंगे।
.jpeg)