तंगधार (कर्नाह): सीमावर्ती क्षेत्र तंगधार में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं (Armed Forces Medical Services) ने मानवीय सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की अनूठी मिसाल पेश की है। ‘ऑपरेशन सद्भावना’ की भावना के अनुरूप चलाए गए ‘ऑपरेशन दृष्टि’ के तहत एक मेगा आई सर्जिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें 220 मरीजों की आंखों की सफल सर्जरी कर उन्हें नई रोशनी प्रदान की गई।
दुर्गम और चुनौतीपूर्ण सीमा क्षेत्र में आयोजित इस विशेष शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि सर्जरी करने के लिए एक भूमिगत (अंडरग्राउंड) ऑपरेशन थिएटर तैयार किया गया था। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और संसाधनों की चुनौतियों के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक चिकित्सा तकनीक का उपयोग करते हुए स्थानीय मरीजों को उच्च स्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इस कैंप के दौरान फेकोइमल्सिफिकेशन (मोतियाबिंद सर्जरी), रेटिनल और ग्लूकोमा से संबंधित प्रक्रियाओं सहित कई उन्नत नेत्र ऑपरेशन किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूरदराज और संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों तक आधुनिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना था।
इस पूरे मेडिकल अभियान का नेतृत्व ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा ने किया। उनकी देखरेख में विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने कठिन परिस्थितियों के बीच समर्पण के साथ कार्य करते हुए स्थानीय आबादी को बड़ी राहत पहुंचाई।
तंगधार जैसे सुदूर सीमांत क्षेत्र में आयोजित इस मेगा आई सर्जिकल कैंप ने न केवल 220 लोगों की दृष्टि बहाल कर उनके जीवन में उम्मीद का संचार किया है, बल्कि सीमावर्ती नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच विश्वास व आपसी रिश्ते को भी और अधिक मजबूत किया है।
.jpeg)